जनराज्य फ्रंट ने जनसमस्याओं को लेकर खोला मोर्चा

#एसपी को अवगत कराया, दस सूत्री मांगपत्र सौंपा

जनराज्य फ्रंट इंडिया का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को एसपी राजेश द्विवेदी से मिला। उनको शाहजहांपुर की जनसमस्याओं से रूबरू कराते हुए शीघ्र समाधान कराने का अनुरोध किया। एसपी ने दस सूत्री मांगपत्र पर विचार कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
फ्रंट के राष्ट्रीय संयोजक अजय मीरा पाण्डेय के नेतृत्व में मिलने गए दल ने आम जनमानस के साथ छात्रों की समस्याओं को उठाया। बताया कि जिले में क्राइम का ग्राफ़ बढ़ रहा है।महानगर में जाम की समस्या से हर राहगीर परेशान है। गर्मी में तेज हवा के चलने से अग्निकांड अधिक होते हैं। कोचिंग सेंटरों के आसपास मनचले मंडराते रहते हैं। रात्रि में हूटर-सायरन बजाते हुए तेज रफ़्तार में शोहदे निकलते हैं, जिससे वॉक करने वाले चपेट में आ जाते हैं। यातायात पुलिस जबरन गांव के लोगों का चालान करती है। देखा गया है थाना स्तर पर विद्यार्थियों को पुलिस वेरिफिकेशन के लिए चक्कर लगवाए जाते हैं। आर्थिक दोहन भी किया जाता है। थाना स्तर पर ही छोटी घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता, जिससे ये आगे चलकर बड़ा रूप ले लेती हैं। संयोजक ने कहा कि इन सभी समस्याओं पर त्वरित विचार कर कार्रवाई की जाए।
संयोजक ने बताया कि एसपी ने इन बिंदुओं पर कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है। साथ ही एक काउंटर एसपी ऑफिस में ही खोलने का आश्वासन दिया है, जहां विद्यार्थियों को एक ही जगह पुलिस वेरिफिकेशन की सुविधा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष डॉ प्रदीप अवस्थी, जिला महासचिव विवेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष विजय गुप्ता, संतराम त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
#जन मन न्यूज़