दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। पुल पर उतरते समय ये हादसा हुआ। बताया जाता है कि प्रयागराज जाने के लिए पहले से ही हजारों लोग इंतजार कर रहे थे। ट्रेन विलंब से आ रही थीं। उसका भी दबाव था। चश्मदीदों का कहना है कि ये घोषणा हुई कि प्रयागराज जाने के लिए ट्रेन प्लेटफॉर्म 12.13 पर जाएगी। जल्दी ट्रेन तक जाने के चक्कर में सीढ़ियों पर भीड़ बढ़ गई। उतरते समय धक्का मुक्की हुई तो तीन बच्चे गिर गए। उनके साथ चल रही महिलाओं ने उनको पकड़ने की कोशिश की तो भीड़ उनको भी रौंदती चली गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया। स्टेशन को खाली कराया गया। प्रयागराज जाने वालों को ट्रेन में बिठाया गया। सीढ़ियों पर सैकड़ों जूते चप्पल, बैग व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। उसको हटाया गया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उपराज्यपाल ने भी शोक व्यक्त किया है। दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने घायलों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।